जनगणना के दूसरे चरण में 40 प्रश्नों के तहत जुटाई जाएगी जानकारी।

शिमला, 13 अगस्त। भारतीय जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण के दूसरे बैच का शुभारंभ वीरवार को बचत भवन शिमला में हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निदेशक जनगणना निदेशालय दीपशिखा शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त अनुपम कश्यप ने की।

दीपशिखा शर्मा ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण में करीब 40 प्रश्नों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक, रोजगार, प्रवास, पारिवारिक और नागरिक पहचान से जुड़े पहलू शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास और कौशल विकास सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की बेहतर योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

हिमाचल प्रदेश में जनगणना का दूसरा चरण 1 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा, जबकि 1 से 5 अक्टूबर तक पुनरीक्षण चरण आयोजित किया जाएगा। राज्य की भौगोलिक एवं मौसम संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए यह विशेष समय-सारिणी तय की गई है। वहीं, नागरिक 17 से 31 अगस्त तक ऑनलाइन Self-Enumeration के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

जनगणना में नाम, लिंग, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, दिव्यांगता, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, प्रवास, बच्चों और अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा बैंक खातों की संख्या और विभिन्न पहचान दस्तावेजों से संबंधित विवरण भी प्रश्नावली में शामिल हैं।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने नागरिकों से अपील की कि जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर उन्हें सही, पूर्ण और आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएं। प्रशिक्षण में एडीएम कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज, ऑफिस कानूनगो सदर ओम प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *