नाहन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हिन्दू आश्रम, नाहन में भाजपा नाहन विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़कों की बदहाली और सरकारी संस्थानों के बंद किए जाने सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में पारित प्रस्ताव जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल और प्रदेश सरकार को भेजे जाएंगे।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नाहन की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा 500 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल के लिए ₹260 करोड़ उपलब्ध करवाए गए थे, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद निर्माण कार्य ठप हो गया। ₹70 करोड़ की लागत से प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज का काम भी आगे नहीं बढ़ पाया।
उन्होंने कहा कि नए अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक इमरजेंसी, बच्चों की नर्सरी, कैंसर अस्पताल, माता-शिशु अस्पताल, एमआरआई, कैंटीन और सात मंजिला पार्किंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित थीं। भवन तैयार न होने से आधुनिक मशीनरी भी स्थापित नहीं हो पा रही है। वर्तमान अस्पताल में चार में से दो ऑपरेशन थिएटर बंद होने तथा सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और विभिन्न टेस्ट प्रभावित होने का भी उन्होंने दावा किया।
डॉ. बिंदल ने नाहन क्षेत्र की सड़कों की बदहाली पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बरसात में कई सड़कें दलदल और तालाब में तब्दील हो रही हैं तथा कुछ स्थानों पर गड्ढों की मरम्मत के नाम पर मिट्टी डालकर खानापूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि 13 स्कूल, 5 पटवार सर्कल, 4 सीएचसी-पीएचसी, 5 पशु चिकित्सा संस्थान और एक उप-तहसील बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। भाजपा ने अस्पताल निर्माण तत्काल शुरू करने, स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल करने, बंद संस्थान खोलने और सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की है।
#DrRajeevBindal #BJPHimachalPradesh
