- वंदे मातरम् के अपमान पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई : जयराम ठाकुर।
मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा ने शनिवार को मंडी में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाला। भाजपा कार्यकर्ता जिला कार्यालय राजमहल से चौहट्टा बाजार स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय गांधी भवन के बाहर पहुंचे और संपूर्ण ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को जब पूरा देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, उसी दौरान दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर आयोजित कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ को बीच में रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर इशारा कर गीत बंद कराने का प्रयास किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि देशवासियों को लंबे समय तक अधूरा ‘वंदे मातरम्’ सुनना पड़ा, लेकिन अब इसके पूर्ण गायन को लेकर केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का देशभर में स्वागत हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि राष्ट्रीय गीत के अपमान के दोषी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व की कथित मानसिकता के विरोध में देशभर के जिला कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
प्रदर्शन में विधायक विनोद कुमार, राकेश जमवाल, इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर, पूर्ण चंद, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, पूर्व विधायक हीरा लाल, मेयर सुमन ठाकुर और जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#मंडी #जयरामठाकुर #भाजपा #कांग्रेस #वंदेमातरम् #कैंडलमार्च #हिमाचलप्रदेश
