शिमला, 21 अगस्त। भाजपा महासू जिला के विभिन्न प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक शुक्रवार को फागू पंचायत घर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा महासू जिला अध्यक्ष अरुण फाल्टा ने की, जबकि हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया और बिट्टू वर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों, मंडल स्तर तक प्रकोष्ठों की सक्रियता बढ़ाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा पहुंचाने पर चर्चा की गई।

पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि भाजपा के प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। इन्हें प्रदेश और जिला स्तर तक सीमित रखने के बजाय मंडल स्तर तक सक्रिय किया जाएगा। प्रत्येक प्रकोष्ठ नियमित बैठकें और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर अपने-अपने वर्ग की समस्याओं व सुझावों को संगठन तक पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अधिवक्ताओं, व्यापारियों, किसानों-बागवानों, युवाओं, खिलाड़ियों, पर्यटन एवं परिवहन क्षेत्र सहित विभिन्न वर्गों के साथ मंडलवार संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में भी प्रकोष्ठ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर कांग्रेस के रवैये पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय गीत का सम्मान राजनीति का नहीं, बल्कि राष्ट्रगौरव का विषय है। स्वतंत्रता आंदोलन में इस गीत ने करोड़ों भारतीयों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाई।

डॉ. सिकंदर कुमार ने ‘दिमागी नक्सलवाद’ के प्रति भी देश को सजग रहने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि हिंसा को वैचारिक समर्थन देने और युवाओं को कट्टर विचारधारा की ओर ले जाने वाली प्रवृत्तियों का विरोध आवश्यक है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था सर्वोपरि है।

बैठक में पदाधिकारियों ने मंडल स्तर तक प्रकोष्ठों की गतिविधियां बढ़ाने, नियमित बैठकें करने और जनसंपर्क अभियान को व्यापक बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *