शिमला। शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मामले में अबू धाबी भागने की फिराक में रहे आरोपी को अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे मामले में चिट्टा सप्लाई नेटवर्क के मुख्य ऑपरेटर को अंबाला से दबोचा गया। तीसरे मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पहले मामले में स्पेशल सेल ने 3 अगस्त 2026 को शोघी के पास 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन के साथ विजय कुमार को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि यह खेप तरनतारन निवासी शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान के जरिए विजय तक पहुंची थी। आगे की जांच में नारायणगढ़ निवासी आजाद सिंह की भूमिका सामने आई। पुलिस को चकमा देकर फरार आजाद विदेश भागने की तैयारी में था। तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन अहमदाबाद में ट्रेस की गई और गुजरात पुलिस के सहयोग से उसे अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड के बाद शिमला लाए गए आजाद को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच में आरोपियों के बीच संपर्क के लिए Signal App के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।

दूसरे मामले में पुलिस थाना जुब्बल ने 9.57 ग्राम चिट्टे की बरामदगी के मामले की जांच करते हुए अंबाला से मुख्य सप्लायर सन्नी सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी रविन्द्र कुमार की निशानदेही पर तीन स्थानों से कुल 14.53 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा बरामद हुआ। इस तरह मामले में कुल बरामदगी 24.10 ग्राम हो गई है। जांच में NH-705 पर अलग-अलग स्थानों पर चिट्टा छिपाकर लोकेशन WhatsApp के जरिए साझा करने वाले डिलीवरी मॉड्यूल का खुलासा हुआ। सन्नी सिंह के खिलाफ हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में चिट्टे से जुड़े 7 मामले सामने आए हैं। इनमें पंचकूला में 304 ग्राम चिट्टा बरामदगी का मामला भी शामिल है।

तीसरे मामले में सदर शिमला पुलिस ने 6.360 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में लंबे समय से फरार अमृतसर निवासी करण को गिरफ्तार किया है। वित्तीय जांच में सागर द्वारा करण के HDFC बैंक खाते समेत अन्य खातों में करीब 3 लाख रुपये भेजे जाने का पता चला, जिसके आधार पर करण को नेटवर्क का मुख्य सरगना माना गया।

शिमला पुलिस अब नशा तस्करी के मामलों में केवल गिरफ्तारी और बरामदगी तक सीमित न रहकर सप्लाई चैन, बैकवर्ड लिंक और वित्तीय नेटवर्क की जांच कर पूरे संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दे रही है।

#ShimlaPolice #DrugNetwork #Chitta #Heroin #DrugSmuggling #HimachalPradesh #Shimla #Punjab #Haryana #CrimeNews #PoliceAction

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *