केंद्र की राशि खर्च न कर पाने पर जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- दवा के अभाव में जान गंवा रहे लोग
शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोग दवाइयों और बेहतर इलाज के अभाव में परेशान हैं, जबकि केंद्र सरकार की ओर से स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराई गई राशि भी राज्य सरकार पूरी तरह खर्च नहीं कर पा रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा में अतारांकित प्रश्न संख्या 1777 के जवाब में सामने आए आंकड़े सरकार के दावों की पोल खोलते हैं। उनके अनुसार, केंद्र सरकार की निःशुल्क दवा योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में हिमाचल को ₹211.29 करोड़ स्वीकृत हुए, लेकिन प्रदेश सरकार ₹165.60 करोड़ ही खर्च कर सकी। यानी ₹45.69 करोड़ की राशि खर्च नहीं हो पाई।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में उपलब्ध ₹80.10 करोड़ में से ₹66.22 करोड़ खर्च हुए और ₹13.88 करोड़ शेष रहे। वर्ष 2025-26 में ₹95.30 करोड़ में से ₹74.31 करोड़ खर्च किए गए, जबकि ₹20.99 करोड़ शेष रहे। वहीं, वर्ष 2026-27 में 1 अगस्त 2026 तक उपलब्ध ₹35.89 करोड़ में से केवल ₹25.07 करोड़ खर्च हुए और ₹10.82 करोड़ शेष हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि प्रदेश के कई अस्पतालों, यहां तक कि मेडिकल कॉलेजों में भी सामान्य दवाइयों, मरहम-पट्टी, नीडल और सिरिंज की कमी है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार सरकारी अस्पतालों पर निर्भर हैं और दवाइयां नहीं मिलने पर उन्हें अपनी जेब से महंगा इलाज करवाना पड़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र पर लगातार आरोप लगाने के बजाय प्रदेश सरकार को यह बताना चाहिए कि उपलब्ध धनराशि का उपयोग क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जनता को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि अस्पतालों में समय पर दवा और बेहतर इलाज चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *