शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देशभर में प्रेरणा का बड़ा माध्यम बन चुका है। इसके जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को पहचान और देशव्यापी मंच मिलता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत की युवा प्रतिभा दुनिया में अपनी पहचान बना रही है, लेकिन नशा देश के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है। हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में भी नशा कोने-कोने तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को प्राथमिकता के आधार पर लड़ना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नशे के खिलाफ प्रतिबद्धता स्पष्ट है, लेकिन इसे केवल सरकार की जिम्मेदारी मानकर नहीं छोड़ा जा सकता। समाज के हर वर्ग को इसमें भागीदारी निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के प्रयासों से देश नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती से निपट सकता है, तो नशे की समस्या को भी समाप्त किया जा सकता है। आने वाले समय में नशा बीते समय की बात होगी, लेकिन इसके लिए हर देशवासी और हर हिमाचली को इस लड़ाई में सहभागी बनना होगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने इतिहास, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की। देश के विभिन्न हिस्सों में लोग अपनी पहल से समाज और संस्कृति के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री ने देश के सामने रखा।
उन्होंने जन्माष्टमी के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए ‘लोकल फॉर वोकल’ के संदेश का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को बढ़ावा देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से देश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय लोगों के प्रयास मजबूत होंगे।
#JairamThakur #HimachalPradesh #ManKiBaat #DrugFreeIndia #NashaMuktBharat #LocalForVocal #NarendraModi #AmitShah #Shimla।
