शिमला, 2 सितंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल ने बुधवार को विधानसभा परिसर में सुक्खू सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश में लॉटरी और जुए को बढ़ावा देने के बजाय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की मांग की।
पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि आय बढ़ाने के नाम पर लॉटरी जैसी बुराई को कानूनी मान्यता देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने लॉटरी को बंद किया था, क्योंकि इसके कारण परिवार बर्बाद हो रहे थे, लोग इसकी लत का शिकार हो रहे थे और जमीन-जायदाद व जेवर तक बेचने की नौबत आ रही थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेशवासियों को किस्मत के भरोसे छोड़ने के बजाय रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार, स्वावलंबन और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार चाहते हैं और जरूरतमंदों को सहारा चाहिए, इसलिए सरकार को प्रदेश को लॉटरी के दलदल में धकेलने के बजाय जनहित पर ध्यान देना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने सहारा पेंशन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के समय 37 हजार से अधिक लोगों को सहारा पेंशन मिलती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने 90 प्रतिशत से अधिक लोगों को अपात्र घोषित कर दिया। उन्होंने पात्र जरूरतमंदों की पेंशन बहाल करने की मांग की।
उन्होंने अटल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में इकोकार्डियोग्राफी सहित हृदय रोग से जुड़ी प्रमुख जांचें बंद होने पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि हृदय रोग की जांच करने वाले स्टाफ को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेजने से अस्पताल की महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित हुई हैं। जयराम ठाकुर ने सरकार से निर्णय वापस लेकर सभी आवश्यक विशेषज्ञ सेवाएं और जांचें तत्काल बहाल करने की मांग की।
