मंडी, 8 सितंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले चार वर्षों से विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक भेदभाव के चलते भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों को विकास से वंचित रखा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि नई सरकार के गठन के साथ ही रुके हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी और सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

जयराम ठाकुर मंगलवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थाची में आयोजित जोनल अंडर-19 बालिका खेलकूद प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभावान खिलाड़ियों को ट्रॉफियां व पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की खेल नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘खेलो इंडिया’ पहल से देश में खेलों के प्रति सकारात्मक बदलाव आया है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों, खेल प्रबंधकों, आयोजकों और स्थानीय सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना और मेहनत की भी सराहना की।

इससे पहले लंबाथाच में जयराम ठाकुर ने सराज भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में क्षेत्रीय विकास, जनहित के मुद्दों और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर चर्चा हुई। आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा भी तैयार की गई। थाची जाते समय उन्होंने चेत स्कूल का निरीक्षण किया और शाटाधार मंदिर में पूजा-अर्चना की।

#जयराम_ठाकुर #हिमाचल_प्रदेश #मंडी #सराज #सेवा_संकल्प_अभियान #खेलो_इंडिया #भाजपा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *