शिमला, 30 सितंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात कर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यार्थियों की समस्याओं और शिक्षा क्षेत्र से संबंधित विषयों पर राज्यपाल का ध्यान आकर्षित किया।

अभाविप ने प्रदेश सरकार द्वारा लाए गए राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2026 को वापस लेने की मांग की। परिषद का कहना है कि इससे विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर और हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में स्थायी कुलपति नियुक्त करने की मांग भी उठाई गई।

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षण संस्थानों में फीस वृद्धि वापस लेने, विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े छात्र संघ चुनाव बहाल करने और प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में आवश्यक बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग रखी।

इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों में बढ़ती नशे की समस्या को देखते हुए जागरूकता अभियान चलाने, काउंसलर नियुक्त करने और प्रभावी नशा रोकथाम कार्यक्रम लागू करने की मांग की गई।

अभाविप प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े इन विषयों को लेकर विद्यार्थियों में रोष है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मांगों पर उचित संज्ञान लेते हुए आवश्यक हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
#ABVP #HimachalPradesh #Education #Shimla #StudentIssues #NationalEducationPolicy2020 #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *