शिमला, 25 अक्तूबर। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में खेल महाकुंभ-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि करीब 20 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 9,500 से 10,000 प्रतिभागियों के भाग लेने की उम्मीद है। खेल महाकुंभ का समापन 15 नवंबर को सुन्नी में होगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल आयोजित किए जाएंगे। इस बार पहली बार बॉक्सिंग को भी शामिल किया गया है, जिसके शुरुआती मुकाबलों में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा। मॉडलिंग, फैशन शो और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

विक्रमादित्य सिंह ने आयोजन समिति, रेफरी और अंपायरों को सभी प्रतियोगिताएं निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। खेलों में अनुशासन, समान अवसर और खेल भावना सर्वोपरि होनी चाहिए।

चार वर्षों में 600 करोड़ के विकास कार्य
मंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं, जबकि लोक निर्माण एवं शहरी विकास विभागों के माध्यम से प्रदेश में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शिमला ग्रामीण में लगभग 1,500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए थे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के हितों की रक्षा, क्षेत्र का समग्र विकास, महिलाओं का सम्मान और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। बनूटी मैदान में पहले भी रोजगार शिविर आयोजित किए गए हैं और भविष्य में भी सरकारी व निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।

विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार

क्रिकेट विजेता को दो लाख और उपविजेता को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। बैडमिंटन विजेता को 15 हजार और उपविजेता को 7,500 रुपये मिलेंगे। वॉलीबॉल, पुरुष एवं महिला कबड्डी और रस्साकशी की विजेता टीम को 50 हजार तथा उपविजेता को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10 हजार और द्वितीय पुरस्कार पांच हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सोहन लाल, चरणजीत लाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देविंद्र ठाकुर और गोपाल शर्मा सहित आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *