कांग्रेस ने बार-बार तोड़ी संवैधानिक मर्यादाएं, देश में अराजकता फैलाना चाहती है पार्टी : डॉ. राजीव बिंदल।

शिमला, 28 अक्टूबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनावों में जनता से नकारे जाने के बाद कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बजाय देश में अराजकता का माहौल पैदा कर सत्ता परिवर्तन का सपना देख रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस का इतिहास संवैधानिक मर्यादाओं को तोड़ने का रहा है।
बुधवार को शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. बिंदल ने जम्मू-कश्मीर की पूर्व संवैधानिक व्यवस्था, निर्वाचित सरकारों की बर्खास्तगी और वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए और संविधान में व्यापक संशोधन किए गए।
डॉ. बिंदल ने कहा कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक, सामरिक और विकास संबंधी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक हताशा में सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।

घुसपैठ के मुद्दे पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण अवैध घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने मतदाता सूचियों की शुचिता बनाए रखने और चुनावी प्रक्रिया में पात्र नागरिकों के अधिकार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

हिमाचल में चार पदयात्राएं निकालेगी भाजपा
डॉ. बिंदल ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश में चार प्रमुख पदयात्राएं आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पहली पदयात्रा 30 अक्टूबर को धर्मशाला में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के नेतृत्व में निकाली जाएगी।
एक नवंबर को शिमला में पुराने बस अड्डे से चौड़ा मैदान तक पदयात्रा आयोजित होगी। इसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप सहित वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम के संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष बिट्टू वर्मा होंगे।

चार नवंबर को मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसके संयोजक पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज होंगे। इसी दिन हमीरपुर में डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में पदयात्रा होगी। इसमें सांसद अनुराग ठाकुर और सतपाल सिंह सत्ती सहित अन्य नेता भाग लेंगे। कार्यक्रम के संयोजक रणधीर शर्मा होंगे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि इन पदयात्राओं के माध्यम से जनता को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कथित आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ जनता के बीच जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *