मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- सभी क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता, दुबई निर्यात हुए कुल्लू के 113 मीट्रिक टन अनार।
कुल्लू, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों में 206.32 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। इस दौरान सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और पार्किंग सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने बजौरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में पिरड़ी-तरलोगी मार्ग पर 28.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 110 मीटर लंबे पुल का भूमि पूजन किया। इसके अलावा मोहल में 7.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33 केवी सब-स्टेशन, कुल्लू में 8.07 करोड़ रुपये के जीआईसी सब-स्टेशन तथा शास्त्री नगर में 20.57 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वेलनेस सेंटर की आधारशिला रखी।
बंजार विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न सड़क परियोजनाओं सहित कई विकास कार्यों के शिलान्यास किए गए। इनमें धारा-बरसोगी, थेला-जस्ता-परली, बरनगी-मस्यार, सिधवा गौरीगढ़-थनिचर, देउरी-सुनाड़, बठाड़-शीलश्रृंगाड़, गुशैणी-पेखड़ी से तिन्दर गांव और जीभी-रशाला-सरठी सड़कें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त गुशैणी में 2.73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33 केवी सब-स्टेशन की आधारशिला रखी गई, जबकि नगर पंचायत बंजार के रौ-नाला में 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला पार्किंग का उद्घाटन किया।
किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आय बढ़ाकर पैसा सीधे गांवों की अर्थव्यवस्था तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि गाय के दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों-बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार बाजारों तक पहुंच आसान बना रही है। इसी दिशा में कुल्लू में उत्पादित सिंदूरी किस्म के 113 मीट्रिक टन अनार दुबई निर्यात किए गए हैं। मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब का खरीद मूल्य भी 12 रुपये से बढ़ाकर 13 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है।
मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके निर्माण के बाद हिमाचल प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का लाभ होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, कांग्रेस नेता विदित चौधरी, महिला आयोग अध्यक्ष विद्या नेगी, उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
#cmsukhu #Kullu #Banjar
