भरमौर में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का स्वागत, 2.35 करोड़ से बने विद्यालय भवनों का किया लोकार्पण; 5 हजार शिक्षकों की होगी नियुक्ति।
चंबा, 25 अक्तूबर। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र भरमौर पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ एवं युवा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर चंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैय्यर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी, जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति के अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिक्षा मंत्री ने अपने दौरे के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में लगभग 1 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विज्ञान खंड का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त राजकीय उच्च पाठशाला सैल्ली के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया, जिसके निर्माण पर 87 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इस प्रकार दोनों विद्यालयों में कुल 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से तैयार भवनों को विद्यार्थियों को समर्पित किया गया।
मांधा और सैल्ली में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और केंद्र सरकार से जुड़े वित्तीय संसाधनों की चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 5 हजार शिक्षकों की नियुक्तियों का प्रावधान रखा गया है। इससे जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की शैक्षणिक नीतियों और योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में विज्ञान विषय के पद सृजित करने और अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त शौचालयों के निर्माण हेतु तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की। वहीं, राजकीय उच्च पाठशाला सैल्ली में रसोईघर निर्माण एवं अन्य कार्यों के लिए पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया।
उन्होंने स्थानीय पंचायतों की मांगों को पूरा करने का भी आश्वासन दिया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही भरमौर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आएंगे। इस दौरान विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
इससे पहले शिक्षा मंत्री ने क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्ति स्थल माता बन्नी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक शेर सिंह, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
