अग्निशमन विभाग को मिले 46 नए वाहन, सीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।

शिमला, 11 अगस्त। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों की अग्निशमन इकाइयों के लिए 46 नए त्वरित प्रतिक्रिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और आपदा या आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

इन 46 वाहनों में शिमला को 9, कांगड़ा को 8, मंडी और सोलन को 5-5, हमीरपुर, ऊना, चंबा और लाहौल-स्पीति को 3-3, सिरमौर, बिलासपुर और कुल्लू को 2-2 तथा किन्नौर को एक वाहन उपलब्ध करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 37 और नए अग्निशमन वाहनों की खरीद प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए सरकार ने 65.33 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। वर्ष 2024-25 में 9.60 करोड़ रुपये की लागत से 22 अग्निशमन वाहन खरीदे गए थे। सरकार आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित मानव संसाधन के माध्यम से प्रदेश की अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिझड़ी अग्निशमन चौकी का भवन 4.85 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हो चुका है। नादौन और इंदौरा में उप-अग्निशमन केंद्रों के भवनों पर साढ़े तीन-साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि कंडाघाट के उप-अग्निशमन केंद्र के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। आठ वाटर टेंडर भी 3.85 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे जा रहे हैं।

टाहलीवाल को उप-अग्निशमन केंद्र के रूप में स्तरोन्नत किया गया है तथा कांगड़ा के चंगर क्षेत्र में नई अग्निशमन चौकी खोली गई है। नई इकाइयों के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 754 स्वीकृत पद भरे गए हैं। सरकार का लक्ष्य आधुनिक वाहन, उपकरण, पर्याप्त मानव संसाधन और मजबूत आधारभूत ढांचे के माध्यम से आग व आपदाओं में जन-धन की हानि को न्यूनतम करना है।

#HimachalPradesh #FireServices #FireFighting #SukhvinderSinghSukhu #Shimla #EmergencyServices #DisasterManagement #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *