शिमला। भाजपा नेता एवं जुब्बल-कोटखाई से प्रत्याशी चेतन बरागटा ने सेब बागवानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार बागवानों को अपराधी की तरह नोटिस देकर कटघरे में खड़ा कर रही है। वर्ष 2025 में एमआईएस के तहत 100 से अधिक बोरी सेब देने वाले बागवानों से आधार कार्ड, जमाबंदी, ततीमा, आढ़ती की पर्चियां और बैंक स्टेटमेंट जैसे दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। उन्होंने इन नोटिसों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

बरागटा ने कहा कि यदि एमआईएस खरीद में किसी तरह की गड़बड़ी का संदेह है तो जांच केवल बागवानों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। कलेक्शन सेंटरों, एचपीएमसी के रिकॉर्ड, परिवहन व्यवस्था और पूरी प्रोक्योरमेंट चेन की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से श्वेत पत्र जारी कर यह बताने को कहा कि 100 से अधिक बोरी सेब देने वाले कुल कितने बागवान हैं और उनमें से कितनों को नोटिस जारी किए गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि एमआईएस के तहत बागवानों का 100 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है। सरकार से उन्होंने यह राशि तत्काल जारी करने की मांग की। साथ ही उन्होंने सेब सीजन शुरू होने के बावजूद कई अधिसूचित कलेक्शन सेंटरों के पूरी तरह संचालित न होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सभी सेंटर तत्काल खोलने तथा उनकी सूची सार्वजनिक करने की मांग की।

बरागटा ने एचपीएमसी और हिमफेड के बीच संतुलन बनाकर पर्याप्त खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने, सी-ग्रेड सेब की खरीद बढ़ाने और 25 प्रतिशत खरीद सीमा को स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मौसम की मार से कई बागवानों की बड़ी मात्रा में फसल एमआईएस श्रेणी में जा सकती है।

उन्होंने बागवानों को समय पर दवाइयां, खाद, स्प्रे ऑयल और अन्य इनपुट उपलब्ध करवाने तथा एंटी हेलनेट, स्प्रे मशीन और पावर टिलर की लंबित सब्सिडी जारी करने की मांग की। बरागटा ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो भाजपा बागवानों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

#HimachalPradesh #AppleGrowers #ChetanBaragta #MIS #HPMC #HIMFED #Shimla #Bagwan #AppleSeason

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *