शिमला। शिमला लोकसभा सांसद एवं भाजपा नेता सुरेश कश्यप ने कसौली कैंटोनमेंट के मार्केट बाजार के दुकानदारों की समस्याओं को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष उठाया है। उन्होंने प्रस्तावित 20 प्रतिशत लीज किराया बढ़ोतरी और दुकानों के विस्तारित हिस्सों पर लगाए जा रहे अतिरिक्त शुल्क पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया।

कश्यप ने रक्षा मंत्री को बताया कि कसौली कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा किराये में बढ़ोतरी और अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से स्थानीय व्यापारी चिंतित हैं। दुकानदारों के अनुसार, दुकानों के विस्तारित हिस्सों का निर्माण उन्होंने कैंटोनमेंट बोर्ड से अनुमति लेने के बाद अपने खर्च पर किया था। उस समय भविष्य में किसी तरह के अतिरिक्त आवर्ती शुल्क का प्रावधान नहीं बताया गया था।
सांसद ने हाल ही में हेरिटेज मार्केट में हुई आग की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आग के बाद कारोबार प्रभावित हुआ है और दुकानदार पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में 20 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी और अतिरिक्त वसूली का बोझ उनकी परेशानियां और बढ़ा सकता है।

कश्यप ने रक्षा मंत्री से मांग की कि पूरे मामले की सहानुभूतिपूर्वक समीक्षा होने तक प्रस्तावित किराया वृद्धि और अतिरिक्त शुल्क की वसूली को स्थगित रखा जाए। साथ ही प्रभावित दुकानदारों के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई न करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि कसौली प्रदेश का महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र है और यहां के व्यापारी स्थानीय अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। हेरिटेज मार्केट अग्निकांड के बाद उनकी परिस्थितियों को देखते हुए व्यावहारिक और संवेदनशील निर्णय लिया जाना चाहिए।
#SureshKashyap #Kasauli #CantonmentBoard #Shopkeepers #RajnathSingh #HimachalPradesh #Shimla

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *