Writing
दूरदराज गांवों तक सुरक्षित सड़क संपर्क के लिए सरकार ने अधिसूचित किए नए दिशा-निर्देश
शिमला, 4 अगस्त। हिमाचल प्रदेश सरकार ने जीप योग्य एवं एम्बुलेंस संपर्क सड़कों के डिजाइन, निर्माण, प्रमाणन और रख-रखाव के लिए व्यापक दिशा-निर्देश अधिसूचित किए हैं। सरकार के अनुसार, यह देश में अपनी तरह की पहली व्यापक व्यवस्था है, जिसके तहत ऐसी सड़कों की योजना और निर्माण के लिए वैज्ञानिक एवं एकरूप प्रणाली लागू की जाएगी।
इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम गांवों तक सुरक्षित सड़क संपर्क सुनिश्चित करना है। इन मार्गों से जीप, एम्बुलेंस और अन्य हल्के वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।
नई व्यवस्था के तहत सड़क की चौड़ाई, सतह, जल निकासी, रिटेनिंग एवं ब्रेस्ट वॉल, ढलानों की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा उपायों और नियमित रख-रखाव के स्पष्ट मानक तय किए गए हैं। मौजूदा जीप योग्य सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार उन्नयन किया जाएगा और सुरक्षा मानक पूरे होने पर उनका प्रमाणन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित और भरोसेमंद सड़क नेटवर्क विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, बाजार और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच के साथ पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
