बिलासपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार एम्स बिलासपुर के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। सरकार का लक्ष्य एम्स बिलासपुर को उत्कृष्ट स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करना है, ताकि प्रदेशवासियों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिला के एक दिवसीय दौरे के दौरान एम्स पहुंचकर चिकित्सकों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दिसंबर 2026 तक सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे लोगों को बेहतर इलाज के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।

सुक्खू ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों को आकर्षित करने के लिए बेहतर वेतन और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। चिकित्सकों को प्रोफेसर पद पर डेजिग्नेट करने के लिए मापदंडों में भी छूट प्रदान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में डायग्नोस्टिक सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। आईजीएमसी शिमला और एआईएमएसएस चमियाना में 3-टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की गई हैं, जबकि कई अस्पतालों में 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीजी मेडिकल सीटों में 330 सीटों की वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही जीन थेरेपी और फोटो थेरेपी के क्षेत्र में कार्य शुरू किया गया है तथा अमेरिकी चिकित्सकों से विशेषज्ञ सहयोग के लिए चर्चा जारी है।

इस अवसर पर मंत्री राजेश धर्माणी, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, एम्स के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. दलजीत सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *