ऊना में इस वर्ष रोपे जाएंगे करीब 2 लाख पौधे : मुकेश अग्निहोत्री
कुठार बीत में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ, 10 करोड़ से बढ़ेगा हरित आवरण।

ऊना, 14 अगस्त। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाते हुए ऊना जिले में वर्ष 2026-27 के दौरान करीब 2 लाख पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने शुक्रवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के कुठार बीत में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया।

उन्होंने कहा कि जिला में 103 हेक्टेयर नए क्षेत्र में पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न योजनाओं के तहत नए पौधारोपण, राजीव गांधी वन संवर्धन योजना, पुराने पौधारोपण क्षेत्रों के रखरखाव, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान तथा बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रतिपूरक वनीकरण के तहत करीब 2 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुठार बीत में हरित आवरण बढ़ाने और वन संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों के लिए बल्क ड्रग पार्क परियोजना के तहत वन विभाग को 10 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। बल्क ड्रग पार्क के एवज में 198.5 हेक्टेयर भूमि पर 2,18,350 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 126.5 हेक्टेयर भूमि पर ग्रीन बेल्ट विकसित की जा रही है।

उन्होंने कुठार बीत के तालाब के जीर्णोद्धार तथा आसपास के क्षेत्र को पार्क और वॉकिंग ट्रेल्स के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर बनाए रखने के लिए जल संरक्षण जरूरी है।

उपमुख्यमंत्री ने लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वन अपराधों पर सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है तथा वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। वन महोत्सव में अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए तथा पौधे भी वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *