एचपीयू शोधार्थियों और नादौन के विद्यार्थियों से सीएम सुक्खू ने किया संवाद, शिक्षा की गुणवत्ता और आधुनिक अधोसंरचना पर सरकार का विशेष जोर : मुख्यमंत्री।

शिमला, 9 अगस्त। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को अपने आधिकारिक आवास ‘ओक ओवर’ में नादौन विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में शोध कर रहे पीएचडी शोधार्थियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों के भविष्य, शिक्षा और नादौन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को आधुनिक शिक्षा और कुशल मानव संसाधन का केंद्र बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थान प्रदेश की शैक्षणिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सरकार इन संस्थानों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ आधुनिक आधारभूत ढांचा विकसित करने पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में सीबीएसई प्रणाली शुरू करना, डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाना तथा शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने जैसे निर्णय प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और उनके सुझाव प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नादौन क्षेत्र के विकास को नई गति देने में वहां के युवाओं और शोधार्थियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवाओं की ऊर्जा और शोध के माध्यम से प्राप्त ज्ञान का उपयोग क्षेत्र की विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में किया जा सकता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए तथा नादौन के विकास के लिए सरकार को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *