ऊना, 19 अगस्त। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठकों में उठाए गए मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा किया जाए। बुधवार को जिला परिषद सभागार ऊना में समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं की समीक्षा की।

उपमुख्यमंत्री ने जिले में पटवारखानों तथा नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारखानों के निर्माण और नए पटवारखाने खोलने संबंधी स्थानों का विवरण शामिल करते हुए समेकित प्रस्ताव तैयार करने को कहा। पंचायत घरों के लिए भूमि उपलब्धता, हस्तांतरण और अन्य प्रशासनिक मामलों का भी प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

पंचायतों में निर्वाचित प्रधानों के अधिकारों पर उन्होंने कहा कि प्रधान चाहे महिला हो या पुरुष, उसके अधिकारों और भूमिका का सम्मान होना चाहिए। किसी अन्य व्यक्ति द्वारा पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप उचित नहीं है।

बस रूटों की मांगों पर उन्होंने कहा कि वास्तविक आवश्यकता, फिजिबिलिटी और पर्याप्त सवारियों को ध्यान में रखते हुए नए रूटों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने एम्स बिलासपुर और श्री चिंतपूर्णी बस सेवा के सफल संचालन पर प्रसन्नता जताई।
उन्होंने बताया कि रामपुर-संतोषगढ़ पुल के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा। बाबा बाल जी महाराज आश्रम मार्ग पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।
लता मंगेशकर कला केंद्र को आत्मनिर्भर मॉडल पर संचालित करने तथा ऊना अस्पताल में मरीजों की देखभाल और सुविधाएं मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में विधायक विवेक शर्मा, उपायुक्त जतिन लाल, अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।

#Una #MukeshAgnihotri #HimachalPradesh #JanSamasyayein #DistrictGrievanceCommittee #UnaNews #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *