शिमला, 10 अगस्त। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि नावर क्षेत्र के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश सरकार सड़क, बागवानी, पर्यटन और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर विकसित कर रही है। शिक्षा मंत्री ने सोमवार को अपने एक दिवसीय नावर प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 50 से अधिक परियोजनाओं को करीब 550 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इनमें नावर क्षेत्र की 11 परियोजनाएं शामिल हैं, जिन पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नावर क्षेत्र की सात सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि तीन सड़कों के लिए नाबार्ड के तहत लगभग 25 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।

उन्होंने बताया कि कुठाड़ी पंचायत की खदराला सड़क के लिए स्पेशल सेंट्रल असिस्टेंस प्लान के तहत 9.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। घणासीधार-खदराला सड़क को भी इसके तहत पक्का किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने निर्माणाधीन शहीद नाथूराम टिक्कर-टूनाधार सड़क का निरीक्षण कर अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। करीब 9.66 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों के आवागमन के साथ बागवानी और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि नावर बागवानी की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। सड़कों के बेहतर होने से बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए भी आगामी वर्षों में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हिमाचल ने राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) में देश में तीसरा स्थान हासिल किया है और परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में भी शीर्ष छह राज्यों में शामिल रहा है। नावर क्षेत्र में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की और परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

#RohitThakur #Shimla #Nawar #HimachalPradesh #RoadDevelopment #Horticulture #Tourism #Education #Development #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *