पंचायतों का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता: अनिरुद्ध सिंह।
शिमला, 10 अगस्त। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश की सभी पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर सुदृढ़ बनाया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार पुराने पंचायत भवनों की जगह नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को पंचायत से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकें।
अनिरुद्ध सिंह ने सोमवार को 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत दैहना के नए भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पंचायत क्षेत्र के लोगों और प्रतिनिधियों को नए भवन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंचायत घर ग्रामीण विकास की योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने और उन्हें धरातल पर लागू करने का महत्वपूर्ण केंद्र है।
मंत्री ने बताया कि दैहना पंचायत को लोगों की मांग पर चियोग पंचायत से अलग कर बनाया गया है। पंचायत की अपनी आय करीब 5 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों के नए भवनों के निर्माण के लिए करीब 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चरणबद्ध तरीके से सभी पंचायतों को बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। दैहना पंचायत में अतिरिक्त सामुदायिक भवन बनाने के लिए भी बजट का प्रावधान किया जाएगा, जिससे पंचायत की आय बढ़ाई जा सके।
उन्होंने बताया कि फागू-चियोग-टियाली-धरेच संपर्क सड़क के उन्नयन पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। क्षेत्र की छह छोटी सड़कों के निर्माण के लिए एफआरए संबंधी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द कार्य शुरू होंगे। तीन बड़ी सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाने की स्वीकृति भी मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि कठोड़ी खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य दो माह के भीतर पूरा होने की संभावना है। इससे क्षेत्र की पेयजल समस्या दूर होगी। इस दौरान पंचायत प्रधान विद्या शर्मा ने क्षेत्र की समस्याएं और मांगें रखीं, जिन्हें मंत्री ने जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिला मंडल सदस्यों को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
#हिमाचलप्रदेश #अनिरुद्धसिंह #पंचायत #ग्रामीणविकास #पंचायतीराज #दैहना #कसुम्पटी #शिमला #पंचायतभवन #विकासकार्य #हिमाचलन्यूज
