शिमला, 24 अगस्त। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, डी.एस. ठाकुर और दिलीप ठाकुर ने सोमवार को एडिशनल एसपी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक शिमला को शिकायत सौंपकर पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा ने सार्वजनिक बयान में केंद्रीय गृह मंत्री के लिए “बौना”, “भगोड़ा”, “तड़ीपार” और “औकात” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग राजनीतिक संवाद की मर्यादा के खिलाफ है।
उन्होंने बताया कि भाजपा पुलिस को संबंधित वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध करवाएगी। शिकायत में मूल एवं असंपादित वीडियो-ऑडियो सुरक्षित रखने, पूरे बयान और उसके संदर्भ की जांच करने तथा डिजिटल साक्ष्यों को विधिसम्मत तरीके से संरक्षित करने की मांग की गई है।
जमवाल ने कहा कि जांच में संज्ञेय अपराध के तत्व पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
जमवाल ने कहा कि विवाद वंदे मातरम् को लेकर अमित शाह के बयान के बाद शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का स्वतंत्रता आंदोलन में ऐतिहासिक महत्व रहा है और इस पर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वैचारिक असहमति का जवाब व्यक्तिगत टिप्पणी से देना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री अथवा किसी अन्य सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति की नीतियों और फैसलों की आलोचना लोकतंत्र में स्वीकार्य है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान से बचना सभी दलों की जिम्मेदारी है। भाजपा ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
#Bjphimachalpardesh #karannanda
