धर्मशाला, 9 अगस्त। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांगड़ा जिले की महत्वाकांक्षी फिना सिंह बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना जल्द पूरी होगी। करीब 643 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने 60.26 करोड़ रुपये जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिली इस राशि से परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आएगी और इसे जल्द पूरा करने में मदद मिलेगी।

धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से परियोजना पर अब तक करीब 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। लंबे समय से लंबित परियोजना को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार के साथ लगातार प्रभावी पैरवी की गई, जिसके परिणामस्वरूप यह राशि जारी हुई है।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला विकास की दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार जिले की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर काम कर रही है। कांगड़ा में प्रदेश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा विकसित किया जा रहा है, जिस पर सरकार करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। इसके अलावा पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए चिड़ियाघर और प्रदेश का सबसे बड़ा दूध प्रसंस्करण संयंत्र भी स्थापित किया जा रहा है।

पेपर लीक पर पारदर्शिता जरूरी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पेपर लीक पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है और युवाओं को रोजगार व विकास के अवसर चाहिए।

आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी जल्द
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट घोषणा के अनुसार आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की अधिसूचना जल्द जारी होगी। मंत्रिमंडल इस संबंध में निर्णय ले चुका है। उन्होंने कोरोना काल में आशा कार्यकर्ताओं की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजनीति विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर होनी चाहिए तथा राजनीतिक विरोध में मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *