शिक्षा मंत्री का जुब्बल दौरा, भोलाड़ में 8.60 करोड़ की सड़क का भूमिपूजन, नवंबर तक पूरा होगा स्वास्थ्य केंद्र: रोहित ठाकुर।
शिमला, 9 अगस्त। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत भोलाड़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन, निरीक्षण और उद्घाटन किया। उन्होंने 8 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से स्तरोन्नत होने वाली क्यारा-भौवां सड़क का भूमिपूजन किया। इसके अलावा 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ का निरीक्षण किया तथा 3 लाख रुपये से निर्मित जिम का उद्घाटन किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें विकास की जीवनरेखा हैं। बागवानी बहुल क्षेत्रों में सड़कों का महत्व और बढ़ जाता है, क्योंकि इनके माध्यम से बागवान अपने उत्पाद समय पर बाजार तक पहुंचा पाते हैं। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अब तक 182 नई सड़कों का निर्माण किया गया है। जुब्बल-नावर-कोटखाई में लोक निर्माण विभाग के तहत करीब 550 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि शुराचली क्षेत्र से उनका विशेष भावनात्मक और पारिवारिक संबंध है। सरस्वती नगर-झड़ाशली मार्ग को 17 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत किया जा रहा है। क्षेत्र में 4 करोड़ रुपये की लागत से 15 नई सड़कों का निर्माण और 11 सड़कों को पक्का किया गया है। वार्षिक मरम्मत योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की लागत से 5 किलोमीटर लंबी भोलाड़-छुपाड़ी सड़क का भी स्तरोन्नयन किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ का निर्माण करीब 1.83 करोड़ रुपये की लागत से जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पब्बर नदी पर चामशू में 5.55 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिससे जुब्बल के साथ रोहड़ू क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
शिक्षा मंत्री ने ऐतिहासिक जिला स्तरीय राथल मेले के अंतिम दिन भी शिरकत की और देवताओं का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि मेले और त्योहार हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। युवाओं को आधुनिकता के साथ अपनी मूल संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए। इस दौरान हिमाचल के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
