शिमला, 21 अगस्त 2026। हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों, विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और हिमाचल के हितों से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रधानमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की तथा उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री को हिमाचल प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल के प्रति सदैव विशेष स्नेह रहा है और केंद्र सरकार ने प्रदेश के हितों एवं विकास को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल और आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली है। केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदेश के लाखों परिवारों को मिल रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं, इसलिए प्रदेश के विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में रहते हुए भी केंद्र के सहयोग से हिमाचल के विकास को गति देती रही और विपक्ष में रहते हुए भी प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दों को केंद्र के समक्ष मजबूती से उठाती रहेगी।
जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री का हिमाचल को निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान उन्होंने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी आत्मीय भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना। दोनों नेताओं ने हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि नड्डा का अनुभव और मार्गदर्शन प्रदेश के संगठन एवं विकास के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के सहयोग से हिमाचल के हितों और जनकल्याण से जुड़े विषयों को हर उचित मंच पर मजबूती से उठाया जाता रहेगा।
