शिमला, 6 अगस्त। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को शिमला जिले के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में करीब 48 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने मशोबरा में नए खंड विकास कार्यालय भवन का उद्घाटन किया, जबकि भट्टाकुफर में लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय, बलदेयां में उपमंडल कार्यालय, नए आईटीआई भवन तथा संपर्क सड़क सहित कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के हितों और संसाधनों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में कानूनी जीत हासिल की है तथा जेएसडब्ल्यू और किशाऊ परियोजनाओं में भी हिमाचल के हित सुरक्षित किए हैं, जिससे राज्य को भविष्य में बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर गरीबों में बांटा जाएगा। जिन लोगों के पास वैध आय से अधिक संपत्ति मिलेगी, उन्हें उसका पूरा विवरण देना होगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने 1.75 लाख अति निर्धन परिवारों की पहचान की है और उनके लिए जल्द ही ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू की जाएगी। साथ ही लगभग 10 लाख पात्र परिवारों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की नई योजना भी तैयार की जा रही है।
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 150 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है और अस्पतालों में थ्री टेस्ला एमआरआई व रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला परिषद कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा भी दिया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण ठोस कचरा प्रबंधन योजना के तहत पहले चरण में 137 वाहनों को रवाना किया और बताया कि अगले चरण में 700 और वाहन पंचायतों को उपलब्ध कराए जाएंगे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कसुम्पटी क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे हुए हैं।
