शिमला। शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर चार मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन कार्रवाइयों में कुल 24.78 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
पुलिस थाना ढली की विशेष टीम ने 28 अगस्त को भट्टाकुफर से ढली टनल की ओर जाते समय एक कार को रोककर तलाशी ली। कार में बैठे व्यक्ति के पैरों के नीचे फुटमैट से 6.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मामले में दुष्यंत वर्मा (25), निवासी सुन्नी और अक्षय शर्मा (24), निवासी आनी को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, ढली बाईपास स्थित एक होमस्टे में चिट्टा बेचने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। कमरे की तलाशी के दौरान डबल बेड पर चादर के नीचे तकिये के पास से 4.010 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने महेश ठाकुर उर्फ महेशी (38), निवासी संजौली और देवेंद्र कुमार (23), निवासी आनी को गिरफ्तार किया।
स्पेशल सेल शिमला ने 29 अगस्त को वाहन के माध्यम से चिट्टा सप्लाई करने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कंडाघाट निवासी करुण सिंह (34) को पकड़ा। वाहन के डैशबोर्ड में रखे काले पर्स से 4.62 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
इसके अलावा 30 अगस्त को शोघी के पास बस की चेकिंग के दौरान कुमारसैन निवासी हितेश वर्मा उर्फ हन्नी वर्मा (22) से 9.810 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस सभी मामलों में नशे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
#शिमला #ShimlaPolice #नशामुक्तहिमाचल #चिट्टा #हेरोइन #NDPSAct #क्राइम_न्यूज #पुलिस_कार्रवाई #नशे_के_खिलाफ_जंग
